जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपोत्सव का कार्यक्रम आज गुरुवार को सियासी टकराव का मैदान बन गया. मिताली चौक से दंतेश्वरी मंदिर परिसर तक आयोजित दीपोत्सव को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और विवाद हुआ. इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्ग पर आयोजित दीपोत्सव को लेकर विरोध जताया था. जिस दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई. इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया. मौके पर हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्षों के बीच जूते-चप्पल तक फेंके गए. इस दौरान महिलाओं की चूड़ियां टूटने और कई लोगों के चश्मे टूटने की भी बात सामने आई. सड़क पर जगह-जगह चप्पलें, टूटी चूड़ियां और चश्मे बिखरी नजर आईं. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य का कहना है कि बीते 2 दिन से मिताली चौक और दंतेश्वरी मंदिर परिसर में छोटे व्यापारियों का व्यापार जन्मोत्सव और दीपोत्सव को लेकर प्रभावित हो रहा है. जिसे देखते हुए गृह मंत्री से शांतिपूर्ण विरोध करके अगली बार अत्याचार नहीं करने की बात कही. जिसको लेकर बहस हुई. जिसके बाद भाजपाइयों ने देखा कि कांग्रेस पार्टी गरीब और छोटे व्यापारियों के लिए लड़ाई लड़ रही है तो इनके पेट मे दर्द हुई. और कांग्रेसी व महिलाओं के ऊपर चप्पल फेंके गए. जन्मदिन मनाने का विरोध कतई नहीं था. भाजपाइयों को सीटी मैदान, गांधी मैदान या दलपत सागर में मनाना था. लेकिन उन्होने मंदिर के प्रांगण में गलत चयन किया. लोगों को व्यापार करने और मंदिर जाने से रोका जा रहा है. जो अन्याय है जिसका विरोध है. भाजपा सत्ता के बलबूते कूद रही है. सत्ता आती और जाती है. इस तरह का रवैया नहीं सहा जाएगा.
भाजपा युवामोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव का कहना है कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है. जिसको लेकर कांग्रेसियों के पेट मे दर्द हो रहा है. इस लिए विरोध किया जा रहा है. इसके साथ ही कांग्रेसी और उनके पार्षद जूते चप्पल फेंक रहे हैं. कांग्रेस देशविरोधी पार्टी रही है.
