कोंटा BEO कार्यालय में ACB का छापा, रिश्वत लेते अधिकारी दबोचे जाने की खबर……

नवीन कश्यप, सुकमा- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां BEO यानी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने दबिश दी है. कार्रवाई के दौरान एक अधिकारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि शिक्षकों से एरियर्स की राशि बनाने के नाम पर पैसे की मांग किए जाने की शिकायत ACB तक पहुंची थी. शिकायत के बाद ACB की टीम ने पूरी तैयारी के साथ कोंटा BEO कार्यालय में कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान अधिकारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ा गया. फिलहाल ACB की टीम कार्यालय में दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी कागजातों की जांच कर रही है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में रिश्वत की रकम और अधिकारी के खिलाफ दर्ज होने वाली धाराओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.

31 अगस्त को दंतेवाड़ा के तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष गंजीर को आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष अदालत ने 4 साल के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. अदालत ने उन्हें आय के ज्ञात स्रोतों से 88.30 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का दोषी माना था. ऐसे में महज दो दिन के अंतराल में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी के खिलाफ कोंटा में हुई ACB की कथित ट्रैप कार्रवाई ने बस्तर के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई को फिर सुर्खियों में ला दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles