ऑनलाइन लोन ऐप के जाल में फंसी युवती, ₹1000 न चुकाने पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे साइबर ठग

जगदलपुर. महज 1,000 रुपये के ऑनलाइन लोन के चक्कर में शहर की एक युवती साइबर अपराधियों के खौफनाक जाल में फंस गई है. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला हर स्मार्टफोन यूजर के लिए आंखें खोल देने वाला और बेहद हैरान करने वाला है, जहां महज कुछ रुपयों की उधारी न चुका पाने पर असामाजिक तत्व युवती को अश्लील फोटो (एडिटेड फोटो) दिखाकर और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं.

​मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय एक पीड़िता ने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन मोबाइल ऐप के जरिए 1,000 रुपये का छोटा सा लोन लिया था. समय पर लोन की रकम वापस न हो पाने पर अज्ञात साइबर ठगों ने प्रताड़ना का घिनौना खेल शुरू कर दिया. आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को कॉल और मैसेज कर अश्लील तस्वीरें भेज रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि यदि तुरंत पैसों का भुगतान नहीं किया गया, तो इन तस्वीरों को उसके रिश्तेदारों और व्हाट्सएप ग्रुप्स में वायरल कर दिया जाएगा.

​लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने बीते दिन कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और IT Act की धारा 66 व 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साइबर टीम उन सभी संदिग्ध नंबरों को ट्रेस करने में जुट गई है. इसके साथ ही पुलिस के द्वारा इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.

अपील: प्ले स्टोर या अनधिकृत स्रोतों से बिना जांच-परख के ऐसे फर्जी लोन ऐप्स डाउनलोड न करें, क्योंकि ये ऐप्स मोबाइल डेटा और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर ब्लैकमेलिंग का जरिया बनते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles