जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आगामी 7 नवंबर को बस्तर संभाग के 12 सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए भाजपा ने पहले ही अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया था. वहीं कांग्रेस ने बीते दिन पहली सूची जारी करते हुए 12 में से 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी. लेकिन जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के नाम पर मंथन लगातार जारी था. वहीं आज कांग्रेस ने जगदलपुर सीट का सस्पेंस खत्म करते हुए प्रत्याशी का नाम एलान कर दिया है.
बता दें कि, बीते दिन कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पहली सूची जारी की थी. इस सूची में कांग्रेस ने प्रदेश के 30 विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों का नाम का एलान कर दिया था. इस सूची में बस्तर के 12 सीटों में से 11 सीट भी शामिल थे. जिसमें जगदलपुर सीट के लिए नाम का एलान नही किया था. जगदलपुर सीट के लिए कांग्रेस के आला नेता लगातार बैठक लेकर मंथन कर रहे थे. लेकिन आज कांग्रेस ने दूसरी सूची जारी करते हुए जगदलपुर से पूर्व महापौर जतिन जायसवाल को टिकट दे दिया है. नाम का एलान होते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल बन गया है.