बीजापुर (डेस्क) – ज़िला मुख्यालय से महज़ 8 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत संतोषपुर के ग्रामीण खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें आवागमन और स्वास्थ्य सेवाओं में भारी असुविधा हो रही है. इस समस्या को लेकर ज़िला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने कलेक्टर बीजापुर और स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपा है और तत्काल समाधान की मांग की है.

जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने राज्य सरकार पर विकास के झूठे दावे करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, वहीं मुख्यालय के इतने करीब होने के बावजूद संतोषपुर के ग्रामीणों की दुर्दशा को अनदेखा कर रही है. बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब गाँव तक एम्बुलेंस का पहुँचना असंभव हो जाता है. ऐसे में मरीज़ों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. यह सड़क ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है, क्योंकि वे अपने रोज़मर्रा के सामान के लिए दोपहिया वाहनों से बीजापुर मुख्यालय आते-जाते हैं. उन्होंने बताया कि इस 8 किलोमीटर की सड़क पर लगभग 12 छोटे पुलों और पुलियों के निर्माण की सख्त आवश्यकता है, जिसके बिना आवागमन बेहद कठिन है.
उन्होंने आगे कहा कि इस सड़क के बनने से सिर्फ संतोषपुर ही नहीं, बल्कि कोरसापारा, कोयाईटपाल, तुमनार, पेदाकोडेपाल और नैमेड पंचायत के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी. इस अवसर पर पूर्व सरपंच मनीष लेकाम, पूर्व जनपद सदस्य दिलीप कोरसा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने इस मांग का समर्थन किया.