जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस के द्वारा जिले में गुंडे बदमाशों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज सोमवार को पुलिस ने शहर के 3 गुंडों को तड़ीपार कर दिया है. पुलिस ने बताया कि ऐसे आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निर्भीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से संपन्न कराने के लिए आदतन अपराधियों पर नकेल कसने की कार्रवाई की जा रही है. चुनावी दृष्टिकोण से जिले में अराजकता पैदा करने वाले गुंडे बदमाशों की सूची तैयार उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. ऐसे ही कार्रवाई में पुलिस ने शहर में अशांति फैलाने और लंबे समय से हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, लूट, बलात्कार, घर के अंदर घुसकर मारपीट करने जैसे मामलों में शामिल, जिन बदमाशों की गतिविधियों में सुधार नही होने की संभावना है, उन पर कार्रवाई करने के निर्देश मिले है. जिसके तहत पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शहर के 3 आदतन बदमाशों ओडी उर्फ सुभाष (45) निवासी महारानी वार्ड, वासु शेट्टी उर्फ वासु (30) निवासी धरमपुरा और देवेंद्र उर्फ देबू मंडावी निवासी महारानी वार्ड को जिला बदर कर दिया है. सीएसपी ने बताया कि ओडी उर्फ सुभाष के खिलाफ कुल 61 आपराधिक मामले दर्ज है. इसके साथ ही वासु शेट्टी के खिलाफ कुल 13 और देवेंद्र के खिलाफ कोतवाली थाने में कुल 8 मामले दर्ज है. इन बदमाशों को एक साल तक जिले में प्रवेश करने की अनुमति नही होगी. सीएसपी ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में पुलिस के द्वारा ऐसे गुंडे बदमाशों के खिलाफ और भी कार्रवाई की जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed