जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). अवैध नशीली दवाइयों के मामले में आज गुरुवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने शहर में अवैध नशीली दवाईयों का गोरखधंधा करने वाले पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. वहीं इस मामले में कुछ आरोपी फरार हो गए है. जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को बीते कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि शहर में एक गिरोह सक्रिय रूप से अवैध नशीली दवाईयों का गोरखधंधा चला रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की अलग अलग टीम लगातार इस गिरोह की पतासाजी में जुट गई थी. इसी दौरान पुलिस को बीते कल रात मुखबिर से जानकारी मिली कि शहर में स्थित स्केटिंग ग्राउंड के पीछे अंधेरी झाड़ियों में कुछ अवैध गतिविधियां चल रही है. जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने ईलाके को घेरना शुरू किया. इसी बीच अंधेरों में मौजूद कुछ युवक पुलिस को अचानक देख भागने लगे. भाग रहे पांच युवकों को पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया. वहीं कुछ युवक फरार होने में कामयाब हो गए. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए पांचों युवकों से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने पुलिस को बताया कि वह सभी शहर में अवैध नशीली दवाईयों की सप्लाई करने के लिए अंधेरे झाड़ियों में जमा हुए थे. युवकों ने पुलिस को बताया कि उन सभी ने मिलकर झाड़ियों में अवैध नशीली दवाईयों का 8 कार्टून छिपाकर रखा हुआ था. जिसमें से 2 कार्टून को उन्होंने 50 हजार रुपये में बेच भी दिया है. बेचने के बाद वह सभी ने 50 हजार रुपये आपस में बांट लिया है. उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि वह सभी मिलकर हमेशा शहर में अवैध नशीली दवाई बेचने का ही काम करते है. पकड़े गए युवकों के निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त नशीली सीरप की कुल 837 नग बरामद किया है. जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख से भी अधिक आंकी गई है. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने सभी आरोपी अनीश जैन (43) निवासी ठाकुर रोड, फिरोज खान (35) निवासी वृदांवन कॉलोनी, सामयक नाहटा (29) निवासी गायत्री नगर धरमपुरा, जयेश हकानी (31) निवासी संतोषी वार्ड और विकास यादव (42) निवासी राउतपारा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध नशीली सीरप के साथ 51 हजार 7 सौ 50 रुपये नगद, पांच मोबाइल फोन और दो बाइक भी जब्त किया है. इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में शामिल फरार आरोपी मुकेश ध्रुव निवासी मोतीतालाबपारा, विकास कश्यप उर्फ गुरु जी निवासी जगदलपुर और निक्की जैन निवासी जगदलपुर की पतासाजी में जुट गई है. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (ग) के तहत मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.