जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). कोतवाली थाना क्षेत्र से पुलिस ने आज गुरुवार को हजारों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आसना में एक युवक अवैध अंग्रेजी शराब बेच रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल ही आसना के लिए रवाना हो गई. आसना पहुंचने के बाद पुलिस ने मेनरोड के किनारे जंगल से एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने उसके पास रखे एक सफेद रंग की बोरी से 40 नग अंग्रेजी शराब के पौवे बरामद किया. जिसकी कीमत 5 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है. पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी संपति बघेल (25) निवासी आसना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.