जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. इसके साथ ही पुलिस के द्वारा अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस ने आज गुरुवार को शहर में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले तीन खाईवालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में कुछ युवक अन्य लोगों से रुपये लेकर वाट्सअप और पर्ची के जरिये सट्टा खिला रहे है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की तीन अलग अलग टीमों को उक्त युवकों की पतासाजी के लिए रवाना किया गया. पुलिस की टीमों ने शहर के अलग अलग जगहों में छापेमारी करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को धर दबोचा. पकड़ने के बाद पुलिस ने इनकी तलाशी ली. तलाशी में पुलिस को इनके पास से 9 हजार 5 सौ रुपये नगद, सट्टा पट्टी की पर्चियां और मोबाइल फोन के वाट्सअप में सट्टा खिलाने के सबूत मिल गए. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपी संपत बघेल (27) निवासी परपा, ओमप्रकाश झा (31) निवासी हिकमीपारा और प्रवीर भतरा (32) निवासी पनारापारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने धारा छग जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 (क) और 6 (क) 7 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed