बीजापुर (डेस्क) – नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में स्वतंत्रता दिवस की एक दिवस पूर्व सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हांसिल की है. थाना पामेड़ और तर्रेम क्षेत्र में चलाए गए सघन माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने माओवादियों का एक स्मारक ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं.

जानकारी के अनुसार, पामेड़ थाना क्षेत्र के गुंडराजगुड़ेम, बड़सेनपल्ली, मंगलतोर और उड़तामल्ला इलाके में कोबरा 208, केरिपु 228 और सुकमा से आई कोबरा 203 बटालियन की संयुक्त टीम अभियान पर निकली थी. इसी दौरान उड़तामल्ला के जंगल में माओवादियों द्वारा निर्मित स्मारक को जमींदोज कर दिया गया. यह स्मारक नक्सलियों के प्रचार और मनोबल बढ़ाने का प्रतीक माना जाता था.

वहीं, तर्रेम थाना क्षेत्र में जिला बल और केरिपु की 170वीं बटालियन ने कोमटपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया. यहां माओवादियों द्वारा बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई, जिसमें भरमार बंदूक, बीजीएल राउंड और पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री (PEK, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर), एम्युनेशन पाउच, विभिन्न आकार के प्रेशर कुकर, आरी ब्लेड और स्पीकर शामिल हैं.
सुरक्षा बलों ने बताया कि क्षेत्र में कैम्प स्थापना के बाद माओवादी स्मारक, अस्थायी कैम्प और ट्रेनिंग कैंप को ध्वस्त करना माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अहम कदम है. इस कार्रवाई से न सिर्फ नक्सलियों के हथियार और संसाधनों पर चोट पहुंची है, बल्कि आम नागरिकों में भी सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है.
अभियान के बाद भी इलाके में लगातार गश्त और सर्चिंग जारी है, ताकि माओवादी गतिविधियों को जड़ से खत्म किया जा सके और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित हो.