जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बोधघाट थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा में स्थित माड़िया चौक में हल्ला मचाकर और राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डराने धमकाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार किया है. आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अज्ञात बदमाश कुम्हारपारा में स्थित माड़िया चौक के पास हल्ला मचाते हुए वहां से गुजरने वाले राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डरा धमका रहा है. जिसकी वजह से आसपास के लोग दहशत में है. सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत ही माड़िया चौक के लिए रवाना हो गई. पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध युवक भागने लगा. पुलिस ने शक करते हुए भाग रहे युवक को घेराबंदी करने के बाद पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने युवक की तलाशी ली. तलाशी में पुलिस ने युवक के कमर के पास छुपाकर रखा एक धारदार चाकू बरामद किया. कड़ी पूछताछ में आरोपी विशाल उर्फ शुरू बेसरा (19) निवासी अब्दुल कलाम वार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed