जगदलपुर : DRY DAY के दिन पुलिस ने शहर के अलग अलग जगहों से पकड़ी बड़ी मात्रा में अवैध शराब, चार गिरफ्तार

जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बीते कल गुरुवार को वह भी शुष्क दिवस के दिन पुलिस ने शहर में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबतोड़ कार्रवाई की है. पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बेचने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. जिसमें दो महिला भी शामिल है. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त किया है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड, परपा और आड़ावाल क्षेत्र में कुछ लोग अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बेचने की फिराक में है. सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस की तीन अलग अलग टीमों को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया. पुलिस की पहली टीम ने वार्ड में घेराबंदी करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को शक के आधार पर पकड़ में लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के पास रखे झोले की तलाशी ली. इस झोले से पुलिस ने 88 नग गोआ व्हिस्की का पौवा बरामद किया. जिसकी कीमत 11 हजार रुपये से ज्यादा बताई गई है.

वहीं इसी दौरान पुलिस की दूसरी टीम ने भी इसी वार्ड में दबिश देते हुए एक महिला पर शक करते हुए उसे पकड़ लिया. महिला से पूछताछ करते हुए पुलिस ने उसके पास भी रखे झोले की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने पकड़ी गई महिला के झोले से अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बरामद किया. जिसकी कीमत 2 हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है.

पुलिस की तीसरी टीम मुखबिर द्वारा बताए गए आड़ावाल के नयापारा पहुंच गई. यहां पहुंचने के बाद पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक युवक को धर दबोचा. पुलिस ने पकड़े गए युवक के पास से 31 लीटर महुआ शराब बरामद किया. जिसकी कीमत 3 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है.

इसके साथ ही परपा पुलिस ने भी बिरिंगपाल के पटेलपारा से भी अवैध देसी शराब बनाकर बेचने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी महिला के पास से लगभग 100 लीटर अवैध देसी महुआ शराब जब्त किया है. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपी परमानन्द सोनानी (60) निवासी रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड, दयामनी सारथी (62) धनीराम कश्यप (34) निवासी आड़ावाल और बैसाखी बघेल (53) निवासी बिरिंगपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. जिसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles