जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). शहर में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का अवैध कारोबार करने वाले दो बड़े खाईवालों को पुलिस ने आज बुधवार को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से हजारों रुपये नगद भी बरामद किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में दो युवक अवैध तरीके से अन्य लोगों से रुपये लेकर वॉट्सएप्प के जरिये ऑनलाइन सट्टा खिला रहे है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की दो अलग अलग टीमों को आरोपियों की पतासाजी के लिए तैयार किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम तत्काल ही आरोपियों की पतासाजी के लिए रवाना हो गई. इसी दौरान पुलिस की पहली टीम ने शहर के प्रतापदेव वार्ड में दबिश देते हुए एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने उसके पास से 4 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और 15 हजार रुपये नगद बरामद किया.

इधर पुलिस की दूसरी टीम ने भी शहर के नयापारा में स्थित मोदी स्टील चौक के पास से एक युवक की पहचान करते हुए उसे पकड़ लिया. पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी ली. जिसमें पुलिस ने उसके पास से 1 मोबाइल फोन, 1 आईपैड और 10 हजार रुपये से अधिक नगद बरामद किया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपी मितेश जैन (27) निवासी प्रतापदेव वार्ड और योगेश चांडक (23) निवासी नयापारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने छग जुआ (प्रतिषेध) की धारा 6 (क) 7 (1) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed