सुनील कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग के सुकमा जिले के अंदरूनी इलाकें से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. घोर नक्सल प्रभावित इलाक़े में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में जवानों ने 2 ईनामी नक्सली को मार गिराया है. साथ ही घटना स्थल से हथियार भी बरामद किया गया है. मुठभेड़ की पुष्टि सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने की है.
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा जिले के ताड़मेटला इलाके में नक्सलियों के मौजूदगी होने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर DRG और CRPF की संयुक्त टीम को सर्चिंग के लिए ताड़मेटला इलाके में रवाना किया गया था. जैसे ही सुरक्षाबल के जवान ताड़मेटला व दुलेड के जंगल में पहुंचे. वहां पहले से मौजूद नक्सलियों ने जवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवानों ने भी आनन-फानन में मोर्चा संभाला. और नक्सलियों पर जवाबी कार्यवाही करना शुरू कर दिया. करीब 1 घंटे तक चली इस मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली पीछे हटने लगे. मुठभेड़ के बाद जवानों ने घटना स्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया. जिसमें 2 नक्सलियों के शव को बरामद किया. मृत नक्सली सोढ़ी देवा व रवा देवा मिलिशिया कैडर के नक्सली थे. जिनके ऊपर 1-1 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया था. दोनों ही मृत नक्सली चिंतागुफा थाना क्षेत्र में शिक्षादुत व उपसरपंच की हत्या के साथ ही मीनपा में मुखबिरी के शक में किये गए हत्या में शामिल थे. इसके अलावा सुरक्षाबल के जवानों ने घटनास्थल से एक 12 बोर डबल बैरल राइफल व एक पिस्टल बरामद किया है. फिलहाल सुरक्षाबल के जवान अभी भी घटनास्थल पर मौजूद है. जैसे ही जवान मुख्यालय पहुंचेंगे घटना की विस्तृत जानकारी स्पष्ट रूप से देने की बात सुकमा एसपी ने कही है.
दरअसल सुकमा जिले का ताड़मेटला वही इलाका है. जो 2010 में देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ था. ताड़मेटला में नक्सल इतिहास में नक्सलियों ने सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. 6 अप्रैल 2010 में सुरक्षा कैम्प पर गोलियां बरसाई थी. और इस नक्सल कांड में 76 सीआरपीएफ के जवान शहीद हो गए थे. जिससे बस्तर सहित पूरे भारत देश का दिल दहल गया था. वैसे तो बस्तर संभाग के अलग-अलग क्षेत्रों में नक्सलियों से मुठभेड़ कभी कभी होती ही है. लेकिन जैसे ही ताड़मेटला कांड का जिक्र होता है. लोगों का दिल दहल उठता है. और आज सुरक्षाबल के जवानों ने इसी इलाके में नक्सलियों को मार गिराया है. जिसे सुकमा पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है.