जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). केके रेललाइन में बीती रात एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई. इस हादसे की वजह से केके रेललाइन में आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गई थी. लेकिन आज सुबह रेलकर्मियों की मदद से केके रेललाइन में एक बार फिर सुचारू रूप से आवागमन शुरू हो गया है.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात एक मालगाड़ी विशाखापट्टनम से बैलाडीला की ओर जा रही थी. इसी दौरान अरकू सेक्शन के गोरापुर स्टेशन के पास मालगाड़ी के डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल ही वहां से आने जाने वाले ट्रेनों को रद्द कर दिया. इस हादसे के बीच यात्रियों से भरी नाईट एक्सप्रेस भी विशाखापट्टनम से जगदलपुर की ओर आ रही थी. घटना के बाद उक्त नाईट एक्सप्रेस को अरकू रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया गया था. इस ट्रेन में दर्जनों यात्री सवार थे. सभी यात्री पूरी रात अरकू रेलवे स्टेशन में फंसे थे. घटना के बाद से ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे. इसके साथ ही सभी कर्मचारी केके रेललाइन को सुचारू रूप से शुरू करने की जद्दोजहद में लगे रहे. आखिरकार आज सुबह रेलवे कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद केके रेललाइन में ट्रेनों का आवागमन शुरू हो गया है. नाईट एक्सप्रेस भी जगदलपुर के लिए रवाना हो चुकी है. जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है. नाईट एक्सप्रेस आज दोपहर 12 बजे तक जगदलपुर पहुंच जाएगी.