जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में लगातार जुआड़ियों और सट्टा खाईवालों के खिलाफ ताबतोड़ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आज शुक्रवार को 4 सट्टा खाईवालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
ज्ञात हो कि बीते कल गुरुवार को कोतवाली और बोधघाट थाना क्षेत्र से पुलिस ने 10 सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार जेल भेजा था. वहीं आज भी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर अलग अलग जगहों में कुछ लोग अन्य लोगों से रुपये लेकर सट्टा खिलाने का अवैध काम कर रहे है. सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस की अलग अलग टीमों ने तत्काल ही शहर के संजय गांधी वार्ड, आड़ावाल के नयापारा और जवाहर नगर वार्ड में छापा मारा. इसके बाद पुलिस ने इन इलाकों से 4 संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में सभी पकड़े गए आरोपियों युवराज दास (45) निवासी संजय गांधी वार्ड, बच्चू सेना (52) निवासी संजय गांधी वार्ड, प्रशांत कुमार दास (40) निवासी आड़ावाल और भरत कृष्ण (32) निवासी जवाहर नगर वार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 94 हजार रुपये से अधिक नगद के साथ सट्टा पट्टी की पर्चियां भी बरामद की है. फिलहाल पुलिस ने छग जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई करते सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.