जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। कोतवाली पुलिस ने आज गुरुवार को ओड़िसा के एक गांजा तस्कर को गांजे की तस्करी करते हुए जगदलपुर से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस तस्कर के पास से एक लाख रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया है।

कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति आमागुड़ा चौक में स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में संदिग्ध सामान लेकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत ही आमागुड़ा चौक के लिए रवाना हो गई। आमागुड़ा चौक पहुंचते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करते हुए एक व्यक्ति पर शक करते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के पास रखे बोरे की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने बोरे से लगभग 21 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरजो भतरा (40) निवासी कोरापुट (ओड़िसा) को गिरफ्तार कर लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed