जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ, सट्टा के साथ ही अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज गुरुवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अवैध नशीली दवाईयों की तस्करी और बेचने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ग्राम बोरपदर में स्थित पंचायत भवन के पास अवैध नशीली दवाईयों का जखीरा लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है. वहीं दूसरे मामले में भी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवक शहर के दलपत सागर वार्ड में स्थित साई कॉलोनी अटल आवास के पास अवैध नशीली दवाई बेचने की फिराक में ग्राहक की खोज कर रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाली और बोधघाट पुलिस की टीमों ने मुखबिर द्वारा बताए गए जगहों से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए संदिग्ध युवकों से पूछताछ करते हुए उनकी तलाशी ली. तलाशी में पुलिस ने दोनों युवकों के पास से हजारों रुपये की नशीली दवाईयों का जखीरा बरामद किया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों किशोर बघेल (36) निवासी दंतेश्वरी वार्ड और चंदन मल्ले (20) निवासी सांई कॉलोनी अटल आवास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.