जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस ने आज गुरुवार को शहर में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 4 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से हजारों रुपये नगद भी बरामद किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के एक वार्ड में कुछ लोग मोबाइल फ़ोन के जरिये ऑनलाइन सट्टा खिला रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बोधघाट पुलिस की एक टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने तस्दीक करते हुए शहर के दंतेश्वरी वार्ड से चार संदिग्ध युवकों को शक के आधार पर धर दबोचा. कड़ी पुलिस में पकड़े गए सभी आरोपियों हेमलाल कश्यप (40), राहुल नत्थानी (27), राकेश ठाकुर (43) और राहुल चंदेल (27) सभी निवासी दंतेश्वरी वार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फ़ोन और 51 हजार रुपये नगद बरामद किया है. सीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फ़ोन में से पुलिस ने लाखों रुपये के सट्टा पट्टी के स्क्रीन शॉट भी हांसिल किया है. फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.