जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). शहर के गांधी नगर वार्ड में बीते रविवार की रात अज्ञात चोर ने एक सुने मकान को अपना निशाना बनाते हुए वहां से लाखों रुपयों के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है. घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार गांधी नगर वार्ड निवासी एक महिला रविवार की शाम करीबन 6 बजे अपने दो मंजिला मकान में ताला लगाकर अपने परिजनों के पास करंजी गई हुई थी. महिला पेशे से शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है. अगले दिन सोमवार की सुबह 6 बजे पड़ोसी ने महिला को फ़ोन कर बताया कि उनके मकान के नीचे के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ है. ताला टूटने की जानकारी मिलते ही महिला वापस अपने घर पहुंची. महिला ने अपने घर की पहली मंजिल में जाकर देखा तो वहां के दरवाजे में ताला लगा हुआ था लेकिन खिड़की में लगी जाली टूटी हुई थी. इसके बाद महिला ताला खोलकर कमरे में गई. कमरे में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था. वहीं अलमारी का लॉक भी टूटा मिला. महिला ने अलमारी के लॉकर की तलाशी ली. लॉकर में से महिला के सोने के आभूषण और 8 हजार रुपये नगद गायब मिले. जिसकी कुल कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है. इसके साथ ही अलमारी में रखा महिला का पर्स भी गायब मिला. जिसमें महिला का आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे. इसके बाद पीड़िता ने इस मामले को लेकर बोधघाट थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच के साथ ही अज्ञात चोर की पतासाजी में जुट गई है.