जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). दरभा के पखनार चौकी क्षेत्र में बीते कल रविवार को जादू टोना के शक में एक भाई अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार करीबन एक महीने पहले पखनार के डोंगरीपारा निवासी आयतु मरकाम का बेटा बुरका एक हादसे के दौरान पुलिया से नीचे गिर गया था. इस हादसे में बुरका का पैर टूट गया था. और ईलाज कराने के बावजूद उसके बेटे का पैर जल्द ठीक नही हो रहा था. इससे आयतु को लगा कि उसके बड़े भाई हिड़मा मरकाम ने उसके बेटे पर जादू टोना कर रखा है. इसलिए आयतु बहुत दिनों से अपने बड़े भाई को सबक सिखाने के लिए मौके की तलाश में था. बीते कल रात करीबन 8 बजे हिड़मा मरकाम अपने छोटे भाई आयतु मरकाम के साथ घर के बाहर परछी में बैठकर शराब पी रहा था. इस बीच हिड़मा का पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था. इसी दौरान आयतु ने मौका पाकर पास में ही आग में जल रही लकड़ी से अपने बड़े भाई पर अचानक हमला कर दिया. आयतु ने अपने बड़े भाई के कनपटी पर जलती हुई लकड़ी से वार कर दिया. जिसकी वजह से हिड़मा की मौके पर ही मौत हो गई. बड़े भाई की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद मृतक के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी की पतासाजी में जुट गई. पतासाजी के दौरान ही ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपी को गांव से लगे जंगल से पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी आयतु मरकाम (55) निवासी पखनार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने धारा 302 भादवि के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है.