सुनील कश्यप, जगदलपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में आज गुरुवार की सुबह आईईडी बम की चपेट में आने की वजह से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीबन 7 बजे बीजापुर जिले के नेलसनार थाना से जिला पुलिस के जवान थाना क्षेत्र के बांगापाल से लगभग 3 किमी पूर्व सर्चिंग पर निकले हुए थे। इसी दौरान जवानों ने एक आईईडी बम बरामद किया। जिसके बाद उक्त बम को जवान निष्क्रिय करने लगे। निष्क्रिय करने के बीच ही बम अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने की वजह से एक जवान घायल हो गया। घायल जवान का नाम सीताराम कुड़ियम बताया गया है। फिलहाल घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रवाना किया जा रहा है।