जगदलपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में आज गुरुवार की सुबह नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईईडी बम की चपेट में आने की वजह से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफेर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ 165 बटालियन की एक टीम आज सुबह करीबन 9:30 बजे बीजापुर के नेलसनार और बांगापाल थाना क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली हुई थी। सर्चिंग के दौरान लगभग 11:30 बजे जवानों की टीम नेलसनार और पांडेमुर्गा के बीच बने पुलिया के पास सड़क किनारे से गुजर रही थी। इसी बीच जवानों के साथ चल रहे बम निरोधक दस्ते को सड़क किनारे एक आईईडी बम की जानकारी मिली। जिसे नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगा रखा था। जिसके बाद बम निरोधक दस्ते उक्त आईईडी बम को निष्क्रिय करना शुरू किया। बम निष्क्रिय करते समय ही बम अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने पर बम निरोधक दस्ते में शामिल आरक्षक रवि कुमार घायल हो गया। घायल जवान को हाथ और पैर में चोट लगी है। उक्त घटना में घायल जवान की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफेर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed