दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा)। माँ दंतेश्वरी की पावन नगरी दंतेवाड़ा में इस बार राम नवमीं पर निकलने वाले शोभायात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में है। सनातन हिन्दू समाज व राम जन्मोत्सव समिति द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि इस बार की राम नवमीं दंतेवाड़ा वासियों के लिए यादगार बनने वाली है। सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। कल दोपहर करीब 3 बजे कारली पेट्रोल पंप से भव्य बाइक रैली निकलेगी जो मेन रोड़ होते हुए दंतेवाड़ा नगर का भ्रमण करेगी। इस बाइक रैली में लगभग एक हजार लोग शामिल हो सकते हैं ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। बाईक रैली के पश्चात माईं जी डोली विश्राम स्थल से श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा में इस बार मुख्य आकर्षण का केंद्र कंतारा डांस व विभिन्न प्रकार की नाच मंडली व कीर्तन मंडली रहेगी। इसके बाद महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग डीजे की व्यवस्था की गई है साथ ही दंतेवाड़ा के लोकल सिंग बाजा, मदेड़ बाजा शोभायात्रा में रहेगी। शोभायात्रा के दौरान चल रहे भक्तों पर पुष्प वर्षा होगी तो वहीं विशालकाय हनुमान जी भी शोभायात्रा की शान बढ़ाएंगे। गायत्री परिवार द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। शोभायात्रा में इस बार तीन प्रकार के रथ भी चलेंगे जिसमें श्री राम प्रतिमा तो दूसरे में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण स्वरूप लिए बच्चे और अंतिम रथ में माँ दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी, गुमरगुड़ा आश्रम के पुजारी रथारूढ़ होंगे। शोभायात्रा शरू होने से पहले पूरे सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाएगा ताकि खाली पैर चल रहे भक्तों को कोई परेशानी ना हो। भीष्ण गर्मी को देखते हुए पानी व शरबत का वितरण भी जगह-जगह लोगों को किया जाएगा। वहीं लगभग 4000 लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैद रहेगी। आपात स्थिति से निपटने इस बार शोभायात्रा में एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई।अंत में शोभायात्रा का समापन मेनका डोबरा मैदान में राम स्तुति एवं महाआरती के साथ होगा।