​विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ अधिनियम ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बनेगा मील का पत्थर: किरण सिंह देव

जगदलपुर (डेस्क) – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव ने आज मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ‘विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025’ को ग्रामीण भारत की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला ऐतिहासिक कदम बताया.

मनरेगा से अधिक प्रभावी और पारदर्शी

​पत्रकारों से चर्चा करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया यह अधिनियम मनरेगा का एक उन्नत और अधिक पारदर्शी स्वरूप है. उन्होंने इसके प्रमुख लाभ गिनाते हुए कहा कि जहां मनरेगा में केवल 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं ‘जी-राम-जी अधिनियम’ के तहत अब ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी.

7 दिनों में भुगतान, देरी पर मिलेगा ब्याज

​मजदूरों के हितों की रक्षा पर जोर देते हुए श्री देव ने बताया कि अब मजदूरी का भुगतान 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा. यदि भुगतान में देरी होती है, तो मजदूर को विलंबित अवधि के लिए अतिरिक्त राशि (ब्याज) दी जाएगी. इससे वर्षों से चली आ रही भुगतान में देरी की समस्या समाप्त होगी.

खेती – किसानी को प्राथमिकता

​विधायक किरण सिंह देव ने स्पष्ट किया कि यह अधिनियम किसानों की जरूरतों का भी खास ख्याल रखता है. उन्होंने कहा कि ​”बुवाई और कटाई के समय 60 दिनों तक सरकारी कार्यों को रोकने का प्रावधान किया गया है, ताकि किसानों को समय पर मजदूर मिल सकें और कृषि गतिविधियां प्रभावित न हों. इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण पलायन पर भी लगाम लगेगी.”

चार स्तंभों पर केंद्रित विकास

​प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह अधिनियम मुख्य रूप से चार क्षेत्रों पर केंद्रित है:

जल सुरक्षा : जल संरक्षण एवं सिंचाई विकास.

ग्रामीण अधोसंरचना : टिकाऊ संपत्तियों का निर्माण.

आपदा सुरक्षा : कटाव रोकने और आपदा प्रबंधन के कार्य.

आजीविका संवर्धन : पशुपालन, मछली पालन और कौशल विकास.

भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था

​प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की योजनाओं में फर्जी मास्टर रोल और मशीनों के अवैध उपयोग की शिकायतें आती थीं, लेकिन नए अधिनियम में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की ‘गरीब कल्याण’ के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया.

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles