सुकमा (चेतन कापेवार)। सुकमा और बीजापुर जिले के सरहदी इलाके में आज सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बल के जवानों के ऊपर हमला कर दिया है। इस हमले में डीआरजी के 3 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं दो अन्य जवानों की घायल होने की खबर अंदरूनी क्षेत्रों से मिल रही है। हालांकि अभी तक पुलिस के अधिकारियों ने इस मुठभेड़ की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह सुरक्षा बल के जवान सुकमा जिले के जगरगुंडा और कुन्देड़ इलाके में सर्चिंग पर निकले हुए थे। जवानों को अपने जाल में फंसाने के लिए नक्सलियों ने कुन्देड़ और जगरगुंडा के बीच एम्बुश लगा रखा था। इसी दौरान सुबह के करीब 8:30 बजे सुरक्षा बल के जवानों के ऊपर नक्सलियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी करना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों पर जवाबी कार्यवाही शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 3 जवान शहीद हो गए है, वहीं 2 जवान घायल बताए जा रहे हैं। घायल जवानों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की तैयारी सुरक्षाबल के जवानों के द्वारा की जा रही है। इसके साथ ही इस मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों के शवों को नजदीक के कैंप में लाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहीद हुए जवानों के नाम एएसआई रामूराम नाग, असिस्टेंट कांस्टेबल कुंजाम जोगा और आरक्षक वंजम भीमा बताया गया है। सूत्रों की माने तो नक्सलियों ने घटनास्थल में शहीद हुए जवानों के हथियार दो एके 47 और एक 51 एमएम मोर्टार लूट लिया है। हालांकि अभी तक इस मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने किसी भी तरह की अधिकारिक पुष्टि नही की है।