जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बोधघाट थाना क्षेत्र में आज शनिवार को पुलिस ने एक तस्कर को गांजे की तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस तस्कर के पास से लाखों रुपयों का गांजा भी बरामद किया है।

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अपनी सफेद रंग की स्कार्पियो वाहन में संदिग्ध सामान को लेकर करकापाल रेलवे क्रासिंग के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही बोधघाट टीआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तत्काल ही करकापाल रेलवे क्रासिंग के लिए निकल गई। इसके बाद पुलिस ने करकापाल रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी करते हुए एक सफेद रंग की स्कार्पियो वाहन यूपी 92 एल 7600 को चेकिंग के लिए रोक लिया। वाहन को रोकने के बाद पुलिस ने चालक से पूछताछ करते हुए वाहन की तलाशी लेना शुरू किया। तलाशी में पुलिस ने वाहन से लगभग 21 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 2 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी वाहन चालक सूर्यानन्द द्विवेदी (23) निवासी उत्तरप्रदेश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा था। जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 21 किलो गांजा के साथ स्कार्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed