सुनील कश्यप, नारायणपुर- नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर में भाजपा नेता के ऊपर अज्ञात लोगों ने गोली चला दी है. इस हमले से भाजपा नेता बुरी तरह घायल हो गए हैं. गोली सिर में लगने की वजह से भाजपा नेता की स्थिति नाजुक बनी हुई है. जिन्हें छोटे डोंगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार देने के बाद 40 किलोमीटर दूर नारायणपुर जिले के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. इस घटना की पुष्टि नारायणपुर एएसपी हेमसागर सिदार ने की है.
मिली जानकारी के अनुसार छोटे डोंगर थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर रात करीब 8:00 बजे भाजपा नेता सागर साहू अपने घर में टीवी देख रहा था. इसी दौरान कुछ लोग अचानक घर के अंदर घुस गए हैं. और उन्होंने घर पर बैठे भाजपा नेता के सिर में गोली चला दी. इसके बाद हमलावर भाग खड़े हुए. इधर गोली चलने की आवाज सुनाई देते ही आसपास के लोग पहुंचे. और आनन-फानन में घायल भाजपा नेता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल भाजपा नेता को जिला अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया है.
इधर घटना की जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. हालांकि यह हमला किसने किया है. यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. लेकिन नक्सलियों के ऊपर संदेह जताया जा रहा है.