जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। जिले में पुलिस के द्वारा अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने आज एक यात्री बस में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पड़ोसी राज्य ओड़िसा से एक व्यक्ति यात्री बस में सवार होकर संदिग्ध सामान लेकर जगदलपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही धनपुंजी में स्थित फारेस्ट नाका के लिए रवाना किया गया। फारेस्ट नाका पहुंचने के बाद पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रही एक यात्री बस को चेकिंग के लिए रोक लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बस में सवार एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करते हुए उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने बैग से लगभग 10 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई है। जिसके बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपी सुमंत सबर (22) निवासी रायगढ़ ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर रायगढ़ लेकर जाने की फिराक में था। जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।