जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में आज गुरुवार को नक्सलियों के नापाक मंसूबों पर सुरक्षाबल के जवानों ने एक बार फिर से पानी फेर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीबन 9 बजे सीआरपीएफ 231 वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह, उप कमांडेंट एके देशबंधु और मुकेश चौधरी के नेतृत्व में सुरक्षाबल के जवानों की एक टीम कोंडासावली से कमारगुड़ा कैम्प की ओर सर्चिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान रास्ते में जवानों की टीम में शामिल बम निरोधक दस्ते को उनके पास रखे यंत्र के माध्यम से वहां आईईडी बम होने का सिग्नल मिला। जिसके बाद जवानों ने तत्काल ही पूरी सतर्कता के साथ इलाके में बारीकी से सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से प्लांट किया गया लगभग 10 किलो वजनी एक आईईडी बम बरामद किया। इसके बाद सीआरपीएफ 231 बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जवानों ने उक्त आईईडी बम को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया गया है कि सीआरपीएफ 231 बटालियन के जवानों ने इस इलाके साथ दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना और सुकमा जिले के जगरगुंडा के क्षेत्रों से अब तक कुल 133 आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया है।