जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बीते दो साल पहले भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने के दौरान पुलिस अधिकारी को अपनी कार से जान से मारने की कोशिश करने वाले फरार आरोपी को बस्तर पुलिस ने आज सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि, बीते वर्ष 2020 के 29 जुलाई को बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओड़िसा के चाँदली में रहने वाला संजय गुप्ता नामक एक व्यक्ति बिना नम्बर की अपनी महरून रंग की स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का जखीरा को बेचने के लिए ओड़िसा से लेकर जगदलपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर तत्कालीन बोधघाट टीआई राजेश मरई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को एनएमडीसी चौक के लिए रवाना किया गया। पुलिस की टीम ने एनएमडीसी चौक में पहुंचने के बाद नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रही बिना नम्बर की एक महरून रंग की संदिग्ध स्विफ्ट कार को चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश की। पुलिस ने जैसे ही वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक ने पहले तो कार की रफ्तार को कम कर दिया। पुलिस अधिकारी जैसे ही कार की तरफ बढ़े तभी अचानक चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाते हुए यू टर्न ले लिया। इस दौरान चालक ने कार से एएसआई रामविलास नेगी को दबाने और जान से मारने की कोशिश भी की। पुलिस अधिकारी ने किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए सड़क के दूसरी तरफ छलांग लगा दी। जिसकी वजह से पुलिस अधिकारी के कूल्हे में चोट लग गई। इस दौरान कार चालक आरोपी संजय गुप्ता वहां से फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307, 186 और 332 भादवि के तहत मामला दर्ज करते हुए फरार आरोपी की पतासाजी में जुट गई। घटना के बाद से आरोपी लगातार दो सालों से फरार चल रहा था। इस बीच आरोपी ने माननीय न्यायालय में दो बार अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दायर किया था। इसी दौरान वर्तमान बोधघाट टीआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने आखिरकार दो सालों से फरार आरोपी संजय गुप्ता (40) निवासी चाँदली (ओड़िसा) को धनपुंजी के पास ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में उपयोग किया गया स्विफ्ट कार सीजी 17 केयू 7289 को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed