जगदलपुर (डेस्क) – अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग संघों और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने आज, बुधवार को जगदलपुर कलेक्टर के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा. यह विरोध मीना बाज़ार में मनमाने ढंग से लिए जा रहे अधिक मूल्यों और जनता के लिए असुविधाओं के ख़िलाफ़ था, जिसे संगठनों ने गरीब जनता की “लूट” बताया है. ​विभिन्न समाज प्रमुखों ने इस मुद्दे पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए 12-सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर को सौंपा.

प्रमुख पदाधिकारियों की मांगें :

मूल्य नियंत्रण की मांग : सर्व ओबीसी समाज के संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु ने बस्तर दशहरा पर्व की बधाई देते हुए, आम जनता के लिए मीना बाज़ार के मूल्यों पर विरोध दर्ज कराया और तत्काल दरें कम करने की बात कही.

गरीबों की लूट पर विरोध : सर्व अनुसूचित जाति समाज एवं कांग्रेस प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विक्रम लहरे ने मीना बाज़ार में गरीब जनता के साथ हो रही कथित “लूट” को लेकर पिछली प्रेस विज्ञप्ति में जारी अपनी 12-सूत्रीय मांगों को दोहराया.

GST और सुरक्षा की मांग : अखिल भारतीय परिसंघ SC, ST जिलाध्यक्ष सतीश वानखडे ने मीना बाज़ार के गेट एंट्री, पार्किंग और अंदर लगे तमाम दुकानों व ठेलों पर बेचे जा रहे सामान की जीएसटी (GST) जाँच कराने की अपील की, जहाँ लाखों रुपये की बिक्री होती है। उन्होंने मीना बाज़ार परिसर में बिजली के तारों की सही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई.

धरना प्रदर्शन की चेतावनी : भीम आर्मी के संभागीय उपाध्यक्ष जॉन नाग ने बस्तर संभाग से मीना बाज़ार और माई जी की परिक्रमा देखने आने वाले ग्रामीणों के लिए महंगे किए गए दरों को कम करने की मांग की. उन्होंने साफ़ चेतावनी दी कि अगर कल तक दरें कम नहीं की गईं, तो भीम आर्मी और सभी समाज प्रमुखों के साथ हजारों की संख्या में लोग मीना बाज़ार के गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे.
​सभी समाज प्रमुखों ने ज़िले के गरीब और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदीप भारती, रितेश दान, लोकेश नन्दा ठाकुर, मोहसिन खान समेत अन्य समाज के लोग भी मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *