जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिले में बीते शनिवार को पुलिस ने अवैध धान से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने पकड़े गए वाहन को तहसीलदार के सुपुर्द कर दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए तोंगपाल टीआई विजय पटेल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओड़िसा की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध धान भरकर छत्तीसगढ़ के तोंगपाल में बेचने के लिए लेकर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सुकमा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस की एक टीम को पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान पुलिस ने पुसपाल की ओर से तोंगपाल की तरफ आ रही एक सफेद रंग की पिकअप वाहन सीजी 26 ई 8745 को चेकिंग के लिए रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए वाहन में रखे लगभग 25 क्विंटल धान के बारे में पूछा। कड़ी पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि वह यह धान ओड़िसा से छत्तीसगढ़ लाकर बेचने की फिराक में थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल ही दोनों धान तस्करों किशोर शाह और तूफान चौरसिया निवासी तोंगपाल को पकड़ लिया। आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने अवैध धान से भरे पिकअप वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए सम्बंधित अधिकारी के सुपुर्द कर दिया है। वहीं इस मामले में तोंगपाल टीआई समेत उपनिरीक्षक भीमसेन भारती, आरक्षक छोटू मौर्य, चंद्रभान नाग, मनीराम और कंवल बघेल ने अहम भूमिका निभाई है।