जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस को बीती रात बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर में देसी कट्टा लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने युवक के पास से धारदार ब्लेड भी बरामद किया है।

कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि शहर के दलपत सागर के पास एक युवक देसी कट्टा लेकर अपराध करने की नीयत से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस की टीम ने एक संदिग्ध युवक की पहचान करते हुए उसे घेराबंदी करते धर दबोचा। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध युवक से पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के पास से एक देसी कट्टा और धारदार बेल्ड बरामद किया। कड़ी पूछताछ में युवक ने देसी कट्टा के बारे में पुलिस को संतोषजनक जवाब नही दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी अजय राजपूत (25) निवासी गीदम रोड को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।