जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बीते दिनों शहर के एक सरकारी शराब दुकान से हुई लाखों रुपयों की चोरी के मामले में बस्तर पुलिस ने आज बुधवार को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के लाखों रुपये नगद भी बरामद कर लिया है।

बता दें कि, बीते 11 और 12 सितंबर की देर रात अज्ञात चोरों ने गीदम रोड में स्थित एक सरकारी शराब दुकान को अपना निशाना बनाते हुए वहां रखे लगभग 10 लाख 66 हजार रुपये से अधिक नगद पर अपना हाथ साफ कर दिया था। इसके साथ ही अज्ञात शातिर चोरों ने सबूत छिपाने की नीयत से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी पार कर दिया था। अगले दिन घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को गम्भीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कुछ संदिग्ध लोगों को शक के आधार पर पकड़कर पूछताछ शुरू की। इन संदिग्धों में पुलिस ने उक्त सरकारी शराब दुकान में काम करने वाले दो कर्मचारियों को भी पकड़कर पूछताछ शुरू की। कड़ी पूछताछ में सरकारी शराब दुकान में सेल्समैन के पद में पदस्थ लोचन साहू (30) निवासी धमतरी और सुकेश देवरी (36) निवासी तेतरकुटी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि लोचन बीते 5 सालों से शराब दुकान में सेल्समैन और सुकेश बीते 3 साल से सहायक सेल्समैन के पद में काम रहे थे। शराब दुकान की चाबी सहायक सेल्समैन सुकेश रखता था। पहले तो दोनों ने मिलकर इस घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया। इसके बाद इन आरोपियों ने 11 सितंबर की रात करीबन 10 बजे दुकान बंद किया। रात करीबन 10:30 बजे यह दोनों फिर वापस दुकान लौटे। इसके बाद इन दोनों ने मिलकर दुकान का ताला खोला और दुकान के अंदर रखे तिजोरी का ताला खोलकर उसमें रखे लाखों रुपये पार कर दिए। घटना को चोरी की वारदात साबित करने के लिए आरोपियों ने दुकान और तिजोरी के ताले को जबरन एक लोहे के रॉड से तोड़ दिया। वहीं आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर पर भी हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 7 लाख 6 हजार रुपये नगद बरामद किया है। जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed