सुनील कश्यप, जगदलपुर- अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते आज एक आरोपी तस्कर को नगरनार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी तस्कर के कब्जे से पुलिस ने 80 किलोग्राम गांजा सहित एक चार पहिया छोटा हाथी वाहन, एक मोबाइल फोन व 2650 रुपए नगद बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 4 लाख रुपये आंकी गयी है।
जगदलपुर सीएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि नगरनार पुलिस को उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर वाहन में अवैध रूप से गांजा तस्करी करने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जिसके बाद नगरनार थाना से टीम बनाकर कार्यवाही के लिए छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के सीमावर्ती क्षेत्र धनपूंजी में मोबाइल चेक पोस्ट लगाया गया और सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक चार पहिया छोटा हाथी वाहन में पुलिस ने अवैध रूप से गांजा तस्करी करते आरोपी तस्कर को धर दबोचा। आरोपी ने पूछताछ पर उड़ीसा से दिल्ली की ओर गांजा तस्करी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी सूरज चतुर्वेदी ओंकारनगर थाना सराय रोहिल्ला दिल्ली का निवासी है। नगरनार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गांजा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।