जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के बीच बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इन्द्रावती नदी के आसपास घने जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादियों का एक बड़ा डम्प बरामद हुआ है. इस डम्प से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है. जंगल की जमीन के नीचे स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे गए इस खजाने को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया. थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर तलाशी के दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया.
जब डिब्बे को खोलकर तलाशी ली गई तो उसके अंदर सोने के 33 बिस्किट मिले. प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है. कुल सोने का वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद हुए.

पुलिस के अनुसार बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले में अब तक अलग-अलग माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है.