नेताजी की ईमानदारी का ‘रेट कार्ड’! मंच से जीरो टॉलरेंस का दावा, बंगले में पीए का कथित कमीशन कारोबार? बिना ‘चढ़ावे’ के सिफारिशी चिट्ठी तक नहीं निकलती!

बस्तर- राजनीति में इसे ही शायद असली विकेंद्रीकरण कहते हैं. ऊपर नेताजी अपनी ईमानदारी का ढोल पीटते हैं और नीचे उनके निजी सहायक (पीए) साहब कथित तौर पर उसी ईमानदारी का बाजार भाव तय कर रहे हैं. नेताजी मंच से सीना ठोककर ऐलान करते हैं कि उन्होंने कभी एक रुपया नहीं लिया, लेकिन उनके बंगले के गलियारों में इन दिनों एक अलग ही कहानी सुनाई दे रही है. चर्चा है कि नेताजी का लेटरहेड अब महज कागज नहीं, बल्कि एक ऐसा ‘प्रीमियम पास’ बन गया है, जिसे हासिल करने के लिए आम लोगों को कथित तौर पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं.

स्थानीय सूत्रों और कथित भुक्तभोगियों के दावों पर भरोसा करें तो नेताजी के बंगले में जनसेवा का एक अलग ही सिस्टम चल रहा है. यहां फरियादी अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं, लेकिन समाधान तक पहुंचने से पहले उन्हें पीए साहब के कथित ‘रेट कार्ड’ से गुजरना पड़ता है. किस काम के लिए कितनी दक्षिणा देनी होगी, इसकी चर्चा भी अब इलाके के राजनीतिक गलियारों में होने लगी है.

नेताजी की ईमानदारी और पीए साहब की अर्थव्यवस्था!

कहानी कुछ यूं है कि नेताजी के सामने अगर कोई फरियादी अपनी समस्या रखता है तो जवाब मिलता है- मैं तो एक रुपया भी नहीं लेता, बहुत ईमानदार हूं. जरूरत हो तो पीए से मिलकर लेटर बनवा लीजिए. अब जनता भी क्या करे, नेताजी की बात पर भरोसा करके सीधे पीए साहब के दरबार में पहुंच जाते हैं. लेकिन आरोप है कि असली परीक्षा यहीं से शुरू होती है. किसी को ट्रांसफर रुकवाना हो, किसी ठेके के लिए अनुशंसा चाहिए हो, किसी सरकारी काम में सिफारिश लगवानी हो या अस्पताल में बेड की व्यवस्था करानी हो, हर जरूरत के लिए कथित तौर पर अलग-अलग ‘सेवा शुल्क’ की चर्चा है. एक कथित भुक्तभोगी के मुताबिक जब तक चाय-पानी का इंतजाम न हो, तब तक फाइल आगे बढ़ने की रफ्तार भी धीमी पड़ जाती है.

लेटरहेड बना ‘प्रीमियम पास’, मुहर से पहले जेब की परीक्षा!

सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि नेताजी का लेटरहेड अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है. आरोप लगाने वाले लोगों का दावा है कि सिफारिशी पत्र तैयार कराने से लेकर उस पर हस्ताक्षर और मुहर लगवाने तक का अपना कथित गणित है. कुछ लोग तो यहां तक दावा कर रहे हैं कि जनसेवा के इस नए मॉडल में अब कतार छोटी और भुगतान का रास्ता ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है. यानी जनता अपनी समस्या लेकर नेताजी के पास पहुंचती है, नेताजी अपनी ईमानदारी का हवाला देकर पीए के पास भेज देते हैं और पीए साहब पर आरोप है कि वे इस ईमानदारी की कीमत वसूलने में जुट जाते हैं!

पीए अकेले इतना बड़ा खेल खेल रहा है, या नेताजी की खामोशी के पीछे भी कोई राज छिपा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles