जगदलपुर- बस्तर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. इस बार नशीली कैप्सूल बेचने के लिए स्कॉर्पियो को ठिकाना बनाया गया था. जगदलपुर के दलपत सागर के रानी घाट के पास बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में बैठकर नशीली कैप्सूल की बिक्री कर रहे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 216 नशीली कैप्सूल, एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो और एक चाकू बरामद किया है. जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है.
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर का कहना है कि कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दलपत सागर के रानी घाट के पास दो युवक बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में बैठकर अवैध रूप से नशीली कैप्सूल बेच रहे हैं. सूचना मिलते ही कोतवाली थाने से विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष प्रकाश सावल (33 वर्ष), निवासी नयापारा आड़ावाल और सुमित पाण्डेय (29 वर्ष), निवासी पनारापारा विजय वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से PYEEVON SPAS PLUS नाम की 27 स्ट्रीप में कुल 216 कैप्सूल बरामद किए गए. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो और एक चाकू भी जब्त किया गया. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है. इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.