सुकमा (डेस्क) – जिले के दोरनापाल में देशभक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ 74वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय अवसरों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. हिमांशु पाण्डे, कमाण्डेंट 74वीं बटालियन के निर्देशन में वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती और वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई. यह रैली वाहिनी मुख्यालय से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्वामी आत्मानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची, जिसमें सीआरपीएफ के जवानों ने हाथों में तिरंगा थामे हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया.

​विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सहायक कमाण्डेंट चन्द्रशेखर सिंह, प्राचार्य सी.एस. ठाकुर, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे. इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने मिलकर ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया और देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली. सहायक कमाण्डेंट चन्द्रशेखर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व और इसके पीछे के महान उद्देश्यों की जानकारी दी, ताकि युवा पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ सके.

​कार्यक्रम के अंत में सुरक्षा बल के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के बीच तिरंगा और मिठाइयां वितरित की गईं, जिससे बच्चों में भारी उत्साह देखा गया. धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने न केवल जवानों और आम नागरिकों के बीच समन्वय को मजबूत किया, बल्कि समूचे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed