सुनील कश्यप, जगदलपुर। धूरगुड़ा सरपंच पति हेमंत देवांगन द्वारा चॉइस सेंटर कर्मचारी को धमकी देने के बाद CSC VLE कार्यकर्ताओं ने सरपंच पति के खिलाफ कार्यवाही व उनके कार्यक्षेत्र में बाधा उत्त्पन्न नहीं होने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
दरअसल जगदलपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम धुरगुड़ा में महिला सरपंच दुर्गा उद्दे हैं लेकिन पूरा हस्तक्षेप उनके पति हेमंत देवांगन द्वारा किया जाता है साथ ही हेमंत देवांगन द्वारा हर किसी से अभद्र व्यवहार किया जाता है। ताज़ा मामला 1 दिन पहले का है जब हेमंत देवांगन के द्वारा तुरेनार के युवक जो कि चॉइस सेंटर के संचालक हैं जिसका कार्यक्षेत्र धुरगुड़ा है। उसके पास कॉल करके हेमन्त देवांगन ने युवक को खुली धमकी देना शुरू किया और लगातार गाली-गलौज करते दिखे। इसके अलावा सरपंच पति खुद को सरपंच बताकर चॉइस सेंटर कर्मचारी को पंचायत में घुसने पर मारने की धमकी भी दे रहा है।
इधर दोनों के बीच बातचीत और धमकी का ऑडियो जमकर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसके बाद से शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
शासन के आदेश की अवहेलना-
शासन का स्पष्ट निर्देश है कि पंचायतों में यदि पंच-सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि यदि महिला हैं तो सिर्फ वही कार्य करें और सरपंच पति का हस्तक्षेप नहीं हो। इसके बावजूद भी धड़ल्ले से पंचायतों में पतियों का राज चल रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 50% आरक्षण है और महिलाएं सरपंच निर्वाचित होकर आती है किंतु पूरा काम पतियों द्वारा हस्तक्षेप किया जाता है। जिसके कारण भोले-भाले ग्रामीणजन पंचायत भवन जाने से भी कतराते नज़र आते हैं।