दहशत फैलाने बस पर हमला, टीआई बोले- अक्सर करते थे गुंडागर्दी, इस बार पुलिस ने दर्ज किया नामजद अपराध

जगदलपुर. जिले के ग्रामीण इलाके में अपनी दहशत कायम करने की नीयत से गुंडागर्दी कर रहे बदमाशों पर इस बार कानून का शिकंजा कस गया है. मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र के ग्राम तिरथुम का है, जहां आमचो बस्तर ढाबा के सामने दबंगों ने बीच सड़क पर दौड़ रही कृष्णा ट्रेवल्स की बस को जबरन रोक लिया और ड्राइवर तथा कंडक्टर के साथ जमकर मारपीट करते हुए जमकर तांडव मचाया.

​घटना के वक्त अचानक बस रुकते ही आरोपी एक राय होकर ड्राइवर और कंडक्टर पर टूट पड़े. दबंगों ने गंदी और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के वक्त मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी और बस में सवार यात्री खौफ से कांप उठे.

​कोड़ेनार टीआई विजय पटेल के अनुसार, ये आरोपी इलाके में अपनी दबंगई और खौफ कायम करने के लिए अक्सर ऐसी हरकतों को अंजाम देते रहे हैं. जिसकी शिकायत हमेशा सिर्फ सुनने को मिलती थी. इस बार प्रार्थी के रिपोर्ट के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इनका मकसद किसी तरह की रंगदारी वसूलना नहीं, बल्कि महज क्षेत्र में अपनी दहशत फैलाना था. हालांकि, पुलिस ने इस बार बदमाशों के इस रवैये पर कड़ा रुख अपनाया है और साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

​पुलिस ने मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों मोतीराम गावड़े, मंगलू पोयाम, दिनेश राम गावड़े, सुरेश भास्कर, कुम्मा पोयाम, सुखराम पोयाम, साजन कश्यप और दलसाय गावड़े के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 191(2) और 126(2) के तहत मामला कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles