जगदलपुर: नशीली कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और 144 नशीली गोलियां जप्त

जगदलपुर. शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दलपत सागर के पास घेराबंदी कर नशीली कैप्सूल बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 144 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है.

​मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दलपत सागर सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास आर्मी की टी-शर्ट पहने एक युवक संदिग्ध अवस्था में पन्नी लेकर खड़ा है और अवैध रूप से नशीली कैप्सूल की बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई. ​मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भोला बघेल (28 वर्ष), निवासी दंतेश्वरी वार्ड बताया. ​जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसके पास से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (Pyeevon Spas Plus) की 18 स्ट्रिप (कुल 144 नग) बरामद हुईं. इन दवाइयों को रखने या बेचने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस आरोपी पेश नहीं कर सका. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अवैध रूप से कैप्सूल बेचने की बात स्वीकार कर ली.

​पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियों के साथ-साथ अपराध में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल को भी जप्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ 21(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles