जगदलपुर- हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आयोजित 71वीं अखिल भारतीय नाटक व नृत्य प्रतियोगिता में बस्तर की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है. देशभर से आए कलाकारों के बीच बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और मनमोहक लोक नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया. इस उपलब्धि के साथ बस्तर की बेटियों ने न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. यह कार्यक्रम 06 से शुरू हुआ था.

ऑल इंडिया आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (AIAA) द्वारा शिमला में आयोजित इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों कलाकारों ने हिस्सा लिया. कड़े मुकाबले के बीच बस्तर की टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुति के दम पर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता थे.

विजेता टीम में शामिल कलाकार बेटियां पूनम भारती, रितु शोरी, रामेश्वरी कश्यप, संतोषी कश्यप, देवकी नेताम, प्रज्ञा दुबे, नीलावती भवानी व कृति मौर्य शामिल हैं. बस्तर की बेटियों की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से पूरे बस्तर और छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है. लोककला प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.