जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया. इस दौरान दरभा विकासखंड के कोयनार पटेलपारा गांव में एक बड़ा हादसा हो गया. जहां तेज हवा के कारण ईमली का एक पेड़ घर के ऊपर गिर गया. हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला घायल हो गई. जिसका उपचार नजदीकी अस्पताल में जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब 4:30 बजे आंधी तूफान के साथ हुई बारिश के दौरान अचानक पेड़ कोयनार के पटेलपारा में स्थित सामनाथ कश्यप के घर में गिरा. पेड़ गिरने से महिला उसकी चपेट में आ गई. महिला के साथ अन्य लोग भी घर के भीतर मौजद थे. जिन्हें चोट नहीं लगी. घायल महिला फूलो कश्यप को परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों द्वारा महिला की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. बताया जा रहा है कि घायल महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.

अचानक बदले मौसम के चलते कई क्षेत्रों में पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गई. जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ था. मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-तूफान काफी तेज था. जिससे कच्चे मकानों और कमजोर संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा है.
