जगदलपुर- बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18.085 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 9 लाख 4 हजार 250 रुपये बताई जा रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका राष्ट्रीय राजमार्ग-63 के पास एक व्यक्ति दो बैगों में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पांडे (28 वर्ष) निवासी मंगला चौक, बिलासपुर बताया. पुलिस ने उसके कब्जे में मौजूद दो बैगों की तलाशी ली. जिसमें तीन पैकेटों में भरा 18.085 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर बिलासपुर ले जाने की फिराक में था. पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर होने वाली गांजा तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.