खुशियों की सवारी: किरण देव ने 160 छात्राओं को बांटी साइकिल, बच्चों के चेहरों पर आई ‘मुस्कान’

जगदलपुर (डेस्क) – जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगुर मंडल में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामावाड़ा का प्रांगण गुरुवार को छात्राओं की खुशी और किलकारियों से गूंज उठा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने यहां सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 160 मेधावी छात्राओं को नई साइकिलें वितरित कीं. नई ‘खुशियों की सवारी’ पाकर ग्रामीण अंचल की इन बेटियों के चेहरों पर एक नई मुस्कान और आँखों में भविष्य के सपने साफ झलक रहे थे.

​कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई. विधायक किरण देव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, “बेटियां हैं तो कल है, बेटियां पढ़ेंगी तो विकास गढ़ेगी.” उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मंशा है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल के क्षेत्र में प्रदेश का समग्र विकास हो. यह साइकिल वितरण उन ग्रामीण बच्चियों के लिए है, जिन्हें स्कूल आने में परेशानी होती है, ताकि शिक्षा के रास्ते में कोई बाधा न आए.

मेहनत रंग लाई, अब स्कूल जाना होगा आसान

​जामावाड़ा, साड़गुड़, बड़े मुरमा, नियानार और बाण्डापारा की कुल 160 छात्राओं को साइकिलें सौंपी गईं. साइकिल की घंटी बजाते और उसे छूकर देखती छात्राओं की खुशी देखने लायक थी. अब इन बेटियों के लिए स्कूल की दूरी सिमट गई है और वे पूरे उत्साह के साथ अपने लक्ष्य को साधने के लिए आगे बढ़ेंगी.

बच्चों के साथ भोजन कर बढ़ाया मान

​साइकिल वितरण के बाद विधायक किरण देव ने एक अत्यंत संवेदनशील पहल की. उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामावाड़ा में आयोजित न्यौता भोज में बच्चों के बीच बैठकर भोजन किया. अपने विधायक को अपने साथ खाते देख बच्चों का उत्साह और आत्म-विश्वास कई गुना बढ़ गया. यह पल शिक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला रहा.

​इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिंदू साहू, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बधेल सहित कई पदाधिकारी और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles