जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग के बीजापुर और दंतेवाड़ा अंतरजिला सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में सुरक्षा बलों ने आज नक्सलियों के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई की है. इस भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां 12 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं. हालांकि, राष्ट्र ने अपने तीन वीर जवान भी खो दिए हैं.
मुठभेड़ और माओवादी हताहत
पुलिस अधीक्षक, बीजापुर, डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि DRG (दंतेवाड़ा-बीजापुर), STF और CoBRA, CRPF की संयुक्त टीम द्वारा आज सुबह 9 बजे से सघन सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा था. इस दौरान, सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच सुबह 09 बजे से लगातार रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी रही.
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से अब तक 12 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं. साथ ही, मौके से SLR राइफलें, .303 राइफलें समेत अन्य हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं. माओवादियों के मृत शरीरों की पहचान स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है.
तीन जवान शहीद, दो घायल
इस आक्रामक कार्रवाई के दौरान DRG बीजापुर के तीन बहादुर जवान नक्सलियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए.
शहीद जवानों के नाम:
● प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, DRG बीजापुर.
● आरक्षक दुकारू गोंडे, DRG बीजापुर.
● जवान रमेश सोड़ी, DRG बीजापुर.
मुठभेड़ में DRG बीजापुर के दो जवान सोमदेव यादव और एक अन्य घायल हुए हैं. पुलिस अधीक्षक डॉ. यादव ने बताया कि घायल जवान को प्राथमिक उपचार प्रदान कर दिया गया है और वे खतरे से बाहर हैं. उन्हें आवश्यक उपचार हेतु उपयुक्त व्यवस्था प्रदान की गई है.
क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस अधीक्षक, बीजापुर, डॉ. जितेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि वर्तमान में क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है. अतिरिक्त रीइन्फोर्समेंट टीमें भेजी गई हैं. फोर्स की बल संख्या पर्याप्त है तथा पूरे क्षेत्र को कॉर्डन कर सघन सर्चिंग जारी है.
आईजी ने बताया कि चूंकि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए विस्तृत जानकारी ऑपरेशन पूर्ण होने के उपरांत उपयुक्त समय पर साझा की जाएगी.