जगदलपुर (डेस्क) – मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत SIR फॉर्म (गणना फॉर्म) भरने वाले नागरिकों के लिए एक अहम सुरक्षा सूचना जारी की है. इसका उद्देश्य लोगों को मोबाइल नंबर के दुरुपयोग और ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आधारित धोखाधड़ी से बचाना है.
OTP के नाम पर धोखाधड़ी से रहे सतर्क
कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि SIR फॉर्म भरते समय मोबाइल नंबर देना पूरी तरह से सुरक्षित है, लेकिन कुछ साइबर अपराधी इसी प्रक्रिया का बहाना बनाकर ठगी करने की कोशिश कर सकते हैं.
सबसे महत्वपूर्ण बातें : SIR फॉर्म भरने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को किसी भी प्रकार के OTP की आवश्यकता नहीं होती है. कोई भी अधिकारी, कर्मचारी, या बीएलओ आपसे ओटीपी नहीं मांगेगा.
धोखाधड़ी होने पर क्या करें ?
तुरंत मना करें : यदि आपको कोई व्यक्ति फोन करे और SIR से जुड़ा OTP मांगे, तो उन्हें तुरंत मना कर दें. उन्हें साफ-साफ कहें कि आप कार्यालय जाकर या अपने बीएलओ से संपर्क करके बात करेंगे/करेंगी.
पुलिस को सूचना दें : अगर कोई व्यक्ति ओटीपी मांगने के लिए दबाव डाले, धमकी दे या जोर डाले, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें.
विभिन्न राज्यों की पुलिस ने नागरिकों को इस नई प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति आगाह किया है. नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी सूरत में अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त OTP को किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें. आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है.
अधिक जानकारी के लिए : आप हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं, या सीईओ छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया (फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम) पर जुड़ सकते हैं.