दंतेश्वरी माता मंदिर के गर्भगृह में आधी रात चोरों का धावा, डेढ़ लाख के गहने समेट कर हुए रफूचक्कर

जगदलपुर. जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के आस्था के केंद्र ग्राम केशरपाल स्थित प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में बेखौफ चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. चोरों ने 3 सितंबर की दोपहर 12 बजे से 4 सितंबर की तड़के 4 बजे के मध्य मंदिर के मुख्य ताले तोड़कर सीधे गर्भगृह में प्रवेश किया और वहां माता के विग्रह पर चढ़ाए गए कीमती सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. 4 सितंबर की सुबह जब ग्रामीण और पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का टूटा ताला और अंदर बिखरा सामान देखकर दंग रह गए.

​सूत्रों के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई. बेखौफ बदमाशों ने मां दंतेश्वरी के गर्भगृह में घुसकर चांदी का छत्र (2 नग), सोने की नथ (3 नग), चांदी की बांह पट्टी (2 नग) और चांदी का मुकुट (01 नग) समेत कुल ₹1,20,000 मूल्य के पवित्र आभूषण पार कर दिए. मंदिर के सेवादार की सूचना पर 4 सितंबर की रात भानपुरी पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस ने अज्ञात शातिर चोरों के खिलाफ धारा 305(A) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर लिया है. पुलिस टीम आसपास के इलाकों में संदिग्धों की धरपकड़ और सुराग जुटाने में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles